रतनगढ़। नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर पुलिस की ओर से की जा रही रात्रि गश्त और नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई सामने आई है। रतनगढ़ पुलिस ने मेगा हाईवे पर मालासर टोल के पास एक कार की तलाशी लेकर 50 लाख रुपए से अधिक मूल्य के डायमंड और 62 हजार रुपए की नकदी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार एएसआई राजेंद्र सिंह मय जाब्ते के गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कार में सवार दो लोग मूल्यवान वस्तु लेकर सरदारशहर की ओर जा रहे हैं।

मालासर टोल पर नाकाबंदी कर कार रोकी

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मालासर टोल के पास नाकाबंदी शुरू की। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए की कार वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने रोककर उसमें सवार लोगों से पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक कार सवार लोग पूछताछ में संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाए। संदेह होने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली। इस दौरान कार में एक बैग मिला, जिसमें 62 हजार रुपए नकद और डायमंड जैसी मूल्यवान वस्तु रखी हुई थी।

डायमंड के दस्तावेज नहीं मिले

पुलिस ने जब बरामद डायमंड के संबंध में दस्तावेज मांगे तो कार सवार दोनों व्यक्ति कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने डायमंड की कीमत 50 लाख रुपए से अधिक बताई।

कार में सवार लोगों की पहचान 38 वर्षीय अक्षय पांचोला निवासी चांदपोल, जयपुर और 47 वर्षीय मनीष पटेल निवासी राजा पार्क, जयपुर के रूप में हुई है।

नकदी, डायमंड और कार जब्त

पुलिस ने नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर लागू आदर्श आचार संहिता की पालना में नकदी, डायमंड और कार को जब्त कर लिया है। बरामद सामान के संबंध में पुलिस की ओर से आवश्यक जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

निकाय चुनाव को लेकर पुलिस मुस्तैद

सीआई संदीप कुमार ने बताया कि नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। क्षेत्र में रात्रि गश्त और नाकाबंदी लगातार की जा रही है।

उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन को भयमुक्त वातावरण में मतदान करने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की निगरानी लगातार जारी रहेगी।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Subhash is a dedicated News Author covering the Churu district. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...