चूरू जिले में नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। रतनगढ़ और राजलदेसर में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर चुनावी मुकाबले की तस्वीर सामने रख दी है।
राजलदेसर में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने
राजलदेसर नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के अधिकृत उम्मीदवार गोपाल मारू और कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार लाभचंद सोनी ने रिटर्निंग अधिकारी प्यारेलाल चावला के समक्ष नामांकन दाखिल किया।
अब तक 5 प्रत्याशियों ने कुल 6 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। जयचंद महावर ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा। जब्बार खोखर ने कांग्रेस और निर्दलीय के रूप में दो पर्चे दाखिल किए, जबकि पवन बोथरा ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन किया।
35 वार्डों में बराबरी, निर्दलीय-RLP पर नजर
राजलदेसर के 35 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस दोनों को 14-14 सीटें मिली हैं। वहीं 5 निर्दलीय और 2 RLP पार्षद निर्वाचित हुए हैं।
ऐसे में अध्यक्ष पद के चुनाव में दोनों प्रमुख दलों के बराबर संख्या बल के बीच निर्दलीय और RLP पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। अध्यक्ष पद की कुर्सी तक पहुंचने के लिए समर्थन जुटाने की कवायद के बीच राजनीतिक समीकरणों पर नजर बनी हुई है।
रतनगढ़ में भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशी मैदान में
उधर रतनगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से सुनील कुमार ने नामांकन दाखिल किया है।
कांग्रेस की ओर से अजय कुमार और संतोष कुमार इंदौरिया ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है। यहां भी नामांकन के बाद अध्यक्ष पद की चुनावी तस्वीर को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं।
दोनों शहरों में बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
रतनगढ़ और राजलदेसर में अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर अब नामांकन के बाद अगले चरण की प्रक्रिया पर नजर है। राजलदेसर में जहां भाजपा और कांग्रेस के बराबर संख्या बल के चलते निर्दलीय और RLP पार्षद अहम नजर आ रहे हैं, वहीं रतनगढ़ में भी प्रत्याशियों के नामांकन के बाद चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।






