रतनगढ़ में राजस्थान शिक्षक संघ (STFI) उपशाखा की बैठक शिक्षक भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सभाध्यक्ष रामचंद्र ऐचरा ने की। इस दौरान 25 जून को जिला मुख्यालय चूरू में आयोजित होने वाली शिक्षक महारैली की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई और अधिक से अधिक शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

बैठक में शिक्षक नेताओं ने विभिन्न लंबित मांगों और शिक्षा विभाग से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए शिक्षकों की एकजुटता आवश्यक है।

महारैली को सफल बनाने पर जोर

ब्लॉक अध्यक्ष भोजराज शर्मा और ब्लॉक मंत्री मुरलीधर अजमेरिया ने कहा कि 25 जून को आयोजित होने वाली महारैली शिक्षकों की एकजुटता का बड़ा प्रदर्शन होगी। उन्होंने शिक्षक साथियों से बड़ी संख्या में चूरू पहुंचने का आग्रह किया।

पदाधिकारियों ने कहा कि विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से आवाज उठाई जा रही है, लेकिन अब तक संतोषजनक समाधान नहीं हुआ है।

पदोन्नति, TET और स्थानांतरण के मुद्दे उठे

प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य चौथमल चीनिया, संघर्ष समिति संयोजक बजरंग लाल बिस्सू, कार्यकारी ब्लॉक अध्यक्ष बाबूलाल मुंदलिया और उपसभाध्यक्ष महेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि तृतीय श्रेणी शिक्षकों एवं प्रबोधकों की रुकी हुई पदोन्नतियां जल्द शुरू की जानी चाहिए।

उन्होंने पदोन्नति के बाद रिक्त पदों पर पारदर्शी काउंसलिंग कराने तथा TET से जुड़े मुद्दों पर भी विचार करने की मांग उठाई।

संविदाकर्मियों को स्थायी करने की मांग

जिला कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र हुड्डा, कार्यालय मंत्री मुकेश सैनी और शिक्षक नेता प्रकाश थालोड़ ने शिक्षा विभाग के संविदाकर्मियों को स्थायी करने, तृतीय श्रेणी शिक्षकों एवं प्रबोधकों के स्थानांतरण खोलने तथा प्रबोधकों को पदोन्नति के बाद उचित पदनाम देने की मांग की।

इसके अलावा आठवें वेतन आयोग को शीघ्र लागू करने और पुरानी पेंशन योजना (OPS) से जुड़े प्रावधानों में किसी प्रकार का बदलाव नहीं करने की भी मांग की गई।

25 जून को चूरू पहुंचने का आह्वान

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने सभी शिक्षक साथियों से 25 जून को सुबह 11 बजे शिक्षक भवन, चूरू पहुंचने का आह्वान किया। यहां से कलेक्ट्रेट (आपणी योजना) तक विशाल महारैली निकाली जाएगी।

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि यह रैली शिक्षकों के अधिकारों, सम्मान और लंबित मांगों को लेकर आयोजित की जा रही है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...