रतनगढ़: चूरू रेलवे फाटक बंद होने के दौरान रेलवे लाइन पार कर रही 80 वर्षीय आशा देवी पत्नी नानूराम जाट ट्रेन की चपेट में आ गईं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आशा देवी वार्ड नंबर 22 स्थित गोरीसरियों की ढाणी की रहने वाली थीं। बताया गया कि वह रेलवे फाटक के पास से रेलवे लाइन पार कर रही थीं।
इसी दौरान दिल्ली से जोधपुर जा रही सालासर एक्सप्रेस की चपेट में आने से यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद मौके पर जुटे लोग
ट्रेन की चपेट में आने की घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
घटना को लेकर मृतका के पुत्र मोहनराम की ओर से रिपोर्ट दी गई।
परिजनों को सौंपा शव
जीआरपी पुलिस के अनुसार, मृतका के परिजनों के आग्रह पर बिना पोस्टमार्टम करवाए शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और शव परिजनों को सौंप दिया।






