चूरू। रतननगर थाना क्षेत्र के रायपुरिया गांव से काम खत्म कर लौट रहे दो बाइक सवार मजदूर हादसे का शिकार हो गए। पोटी बस स्टैंड के पास चलती बाइक पर अचानक एक सांड आ गिरा, जिससे बाइक सवार दोनों मजदूर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में वार्ड 28 निवासी 35 वर्षीय अली शेर और उसका साथी मुबारिक घायल हुए हैं। दोनों रायपुरिया गांव में छत पर पट्टी चढ़ाने का काम करने गए थे।
पिकअप चालक ने अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे एक पिकअप चालक ने तत्परता दिखाई और दोनों घायलों को डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया।
मुबारिक के पैर में गंभीर चोट होने के कारण उसके परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए। वहीं अली शेर का उपचार डीबी अस्पताल में ही जारी है।
अस्पताल में जुटी साथी मजदूरों की भीड़
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में घायल मजदूरों के साथी और परिचित बड़ी संख्या में पहुंच गए। इससे अस्पताल में कुछ समय के लिए भीड़ जमा हो गई।
चिकित्सकों के अनुसार अली शेर की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। घटना के बाद हादसे को लेकर आसपास के लोगों में भी चिंता का माहौल है।






