सादुलपुर। राजगढ़ थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे-52 पर कार्रवाई करते हुए 6 किलो 725 ग्राम डोडा पोस्त चूरा बरामद किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी राजेश कुमार सिहाग ने बताया कि 19 सितंबर 2026 को सब इंस्पेक्टर रामावतार, पुलिसकर्मी दीपक और रवि कुमार के साथ लसेड़ी टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को एक व्यक्ति हाथ में प्लास्टिक का कट्टा लेकर टोल पार कर साइड सड़क से पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह वापस मुड़ने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की।
तलाशी में कट्टे से मिला डोडा पोस्त चूरा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम राजकुमार (42) बताया। वह पंजाब के पटियाला जिले के नाभा स्थित बाजीगर बस्ती का रहने वाला है।
पुलिस ने उसके हाथ में मौजूद प्लास्टिक के कट्टे की तलाशी ली तो उसमें डोडा पोस्त चूरा मिला। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर कट्टे सहित कुल वजन 6.725 किलोग्राम पाया गया।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये बताई है।
आरोपी ने पूछताछ में क्या बताया?
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी राजकुमार ने बताया कि वह डोडा पोस्त खाने का आदी है। उसने यह डोडा पोस्त मल्हारगढ़, मध्यप्रदेश में एक व्यक्ति से खरीदा था।
आरोपी के अनुसार, वह बस और निजी वाहनों के जरिए मादक पदार्थ लेकर पंजाब स्थित अपने घर जा रहा था। रात में वह लसेड़ी टोल प्लाजा के पास एक निजी वाहन से उतरा था और वहां से पैदल जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
NDPS एक्ट में मामला दर्ज, जांच जारी
राजगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच सब इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश को सौंपी गई है।
पुलिस अब बरामद डोडा पोस्त के स्रोत और आरोपी के बताए गए खरीद संबंधी विवरण समेत मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।






