सादुलपुर। सिद्धमुख स्थित चौ. एमएस टांडी कॉलेज में राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील जिला चूरू का दो दिवसीय शैक्षिक सम्मेलन शनिवार को संपन्न हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मान सिंह मूंड ने की। मुख्य अतिथि कॉलेज निदेशक करतार सिंह टांडी तथा मुख्य वक्ता संघर्ष समिति संयोजक जोगेंद्र मोठसरा रहे।

संघ के प्रवक्ता जय सिंह रणवां ने बताया कि सम्मेलन में जिले की सभी उपशाखाओं की ओर से शिक्षक एवं शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रस्ताव रखे गए। चर्चा के बाद कुल 18 प्रस्ताव पारित किए गए।

तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले और लंबित डीपीसी की मांग

सम्मेलन में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के शीघ्र स्थानांतरण और पिछले पांच वर्षों से लंबित डीपीसी जल्द करवाने की मांग प्रमुखता से रखी गई।

इसके साथ ही पीएल पर लगी अघोषित रोक हटाने तथा शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से पूरी तरह मुक्त रखने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

स्थायी भर्ती और ट्रांसफर नीति पर भी प्रस्ताव

शिक्षक संघ ने सभी श्रेणियों के शिक्षकों के रिक्त पदों को स्थायी भर्ती प्रक्रिया से भरने की मांग रखी। वहीं, महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में अंग्रेजी कैडर के माध्यम से स्थायी भर्ती करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

सम्मेलन में राज्य स्तर पर पारदर्शी ट्रांसफर नीति लागू करने और संविदा कार्मिकों को स्थायी करने की मांग भी उठाई गई।

सेवानिवृत्त शिक्षकों के भुगतान को लेकर प्रस्ताव

सम्मेलन में सेवानिवृत्त शिक्षकों को समर्पित अवकाश, जीपीएफ और एसआई का भुगतान सेवानिवृत्ति के दिन ही करने संबंधी प्रस्ताव पारित किया गया।

शिक्षा के लिए राज्य के बजट में 6 प्रतिशत राशि निर्धारित करने की मांग भी रखी गई।

टीईटी, डीपीसी और विद्यालय सुविधाओं पर चर्चा

शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने तथा सभी श्रेणियों की लंबित डीपीसी शीघ्र पूरी करने की मांग की गई।

विद्यालयों में एसएफजी एवं शौचालय सफाई के लिए राशि बढ़ाने, वर्ष 2022 के शारीरिक शिक्षकों का स्थायीकरण करने और विद्यार्थियों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रस्ताव भी पारित हुए।

कुक-कम-हेल्पर के मानदेय का मुद्दा भी उठा

सम्मेलन में कुक-कम-हेल्पर का मानदेय अकुशल श्रमिक की न्यूनतम मजदूरी के समान करने सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षा संबंधी मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

सभी प्रस्तावों को एकत्र कर राज्य सरकार को भेजने का निर्णय लिया गया।

इन वक्ताओं ने किया संबोधित

सम्मेलन को विवेकानंद एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन रामपाल वशिष्ठ, शिक्षाविद् रामनिवास पूनिया, महावीर प्रजापत, जय सिंह नोखवाल और सत्यपाल बेनीवाल सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन विकास पूनिया ने किया।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Subhash is a dedicated News Author covering the Churu district. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...