चूरू। दूधवाखारा थाना क्षेत्र के सहजूसर गांव में शनिवार सुबह खेत जा रही 30 वर्षीय महिला को अज्ञात बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला सड़क पर गिर गई और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई।
हादसे के बाद बाइक सवार मौके से बाइक लेकर फरार हो गया। घायल महिला को रास्ते से गुजर रहे गांव के एक व्यक्ति ने अपनी गाड़ी से राजकीय डीबी अस्पताल चूरू पहुंचाया।
सड़क पर गिरने से सिर में चुभे पत्थर
अस्पताल में घायल महिला के परिजनों ने बताया कि सहजूसर निवासी 30 वर्षीय सुशीला शनिवार सुबह पैदल ही खेत जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद सुशीला सड़क पर गिर गई। सड़क पर पड़े पत्थर उसके सिर में चुभ गए, जिससे सिर में गंभीर चोट आई।
प्रेमचंद गोदारा ने पहुंचाया अस्पताल
गांव निवासी प्रेमचंद गोदारा ने बताया कि वह शनिवार सुबह खेत से गाड़ी लेकर घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने सुशीला को घायल हालत में सड़क पर पड़ा देखा।
उन्होंने अपनी गाड़ी से घायल महिला को तत्काल राजकीय डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया। यहां डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ने महिला का उपचार शुरू किया।
सिर की सीटी स्कैन सहित जांच
अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला के सिर की सीटी स्कैन सहित अन्य जांचें करवाई हैं। फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है।
इमरजेंसी वार्ड स्टाफ की ओर से हादसे की सूचना अस्पताल चौकी पुलिस को भी भेजी गई है। हादसे के बाद फरार बाइक सवार की जानकारी जुटाई जा रही है।






