सरदारशहर क्षेत्र में कल्याणपुरा रोड पर गोगामेड़ी के पास 18 सितंबर की रात सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार तारानगर तहसील के ढाणी पूनियां निवासी पवन कुमार पुनियां ने पुलिस को रिपोर्ट दी है।

रिपोर्ट के मुताबिक उनके भतीजे दिलीप कुमार पुनियां सरदारशहर के धोलिया कुआं के पास निजी स्कूल संचालित करते थे। 18 सितंबर की रात वह बाइक से कल्याणपुरा गांव में अपने परिवार के सदस्य रतिराम पुनियां से मिलने जा रहे थे।

कल्याणपुरा फांटा से निकलने के बाद हुआ हादसा

रिपोर्ट के अनुसार रात करीब 8 बजे दिलीप कल्याणपुरा फांटा से रवाना हुए थे। गोगामेड़ी के पास पहुंचने पर सामने से कल्याणपुरा की तरफ आ रही एक बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

परिजनों की ओर से दी गई रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि बोलेरो चालक वाहन को तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दिलीप बाइक समेत सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल दिलीप को सरदारशहर के राजकीय उपजिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके और घटनाक्रम से संबंधित जानकारी जुटाई।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

पुलिस ने मृतक के परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने पवन कुमार पुनियां की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Subhash is a dedicated News Author covering the Churu district. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...