सरदारशहर। शहर के मेहरासर चाचेरा गांव के बस स्टैंड पर मंगलवार रात रोडवेज बस और प्राइवेट स्लीपर बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि इसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण सहम गए और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने घायलों को संभाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
ओवरटेक के प्रयास में पीछे से टक्कर
जानकारी के अनुसार रोडवेज बस रतनगढ़ की ओर से सरदारशहर आ रही थी और मेहरासर चाचेरा बस स्टैंड पर खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रही प्राइवेट स्लीपर बस ने ओवरटेक करने के प्रयास में रोडवेज बस के पीछे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद दोनों बसों में सवार आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
23 वर्षीय अनीश गंभीर घायल
हादसे में स्लीपर बस में सवार 23 वर्षीय अनीश गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की सहायता से उसे राजकीय उप जिला अस्पताल, सरदारशहर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।
वहीं अन्य मामूली रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के लिए आसपास के चिकित्सा केंद्रों पर ले जाया गया।
टक्कर की आवाज सुनकर घरों से बाहर निकले ग्रामीण
प्रत्यक्षदर्शी वंदना पारीक ने बताया कि दोनों बसों की टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास के घरों तक इसकी जोरदार आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर ग्रामीण तुरंत घरों से बाहर निकले और घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों की मदद की।
पुलिस ने दोनों बसों को सड़क किनारे करवाया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों बसों को सड़क किनारे करवाकर यातायात सुचारू करवाया।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल प्रशासन भी अलर्ट
हादसे की सूचना मिलते ही राजकीय उप जिला अस्पताल प्रशासन अलर्ट हो गया। अस्पताल प्रभारी डॉ. चंद्रभान जांगिड़, डॉ. किशन सिहाग, डॉ. संदीप बिजारणिया सहित चिकित्सा स्टाफ घायलों के उपचार के लिए मौजूद रहा।
गनीमत रही, नहीं हुई जनहानि
दोनों बसों की भिड़ंत काफी तेज थी, लेकिन गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। हादसे में घायल यात्रियों का उपचार कराया गया है, जबकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।






