चूरू। जिले की सरदारशहर तहसील के देराजसर गांव में खेत में काम करने के बाद आराम कर रहे एक किसान के साथ हादसा हो गया। अचानक अनियंत्रित हुए ट्रैक्टर की चपेट में आने से 59 वर्षीय दूलाराम गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें तत्काल निजी वाहन की मदद से राजकीय डीबी अस्पताल चूरू लेकर पहुंचे। यहां आपातकालीन वार्ड में चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत भर्ती कर उपचार शुरू किया।
चारा काटने के बाद खेत में बैठे थे दूलाराम
परिजनों के अनुसार, दूलाराम खेत में चारा काटने का काम कर रहे थे। काम पूरा करने के बाद वह खेत में ही जमीन पर बैठकर आराम करने लगे।
बताया गया कि पास में एक ट्रैक्टर गियर में खड़ा था। इसी दौरान किसी अन्य व्यक्ति ने ट्रैक्टर को अचानक स्टार्ट कर दिया।
गियर में होने से आगे बढ़ा ट्रैक्टर
ट्रैक्टर गियर में होने के कारण स्टार्ट होते ही अनियंत्रित होकर आगे बढ़ गया और वहां आराम कर रहे दूलाराम के ऊपर चढ़ गया।
हादसे में ट्रैक्टर के पीछे जुड़ी मशीन भी किसान के ऊपर से निकल गई, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए।
डीबी अस्पताल में उपचार जारी
हादसे के तुरंत बाद परिजन दूलाराम को निजी वाहन से चूरू के राजकीय डीबी अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में चिकित्सकों ने किसान की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें भर्ती कर लिया और उपचार शुरू किया। हादसे के बाद परिजन अस्पताल में मौजूद रहे।






