चूरू जिले के सरदारशहर थाना क्षेत्र के दूलरासर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर 25 वर्षीय युवक पर कथित रूप से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद पहले चूरू और बाद में बेहतर उपचार के लिए बीकानेर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
खेत से लौटते समय हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, अनिल सिंह (25) शनिवार देर शाम अपने खेत से ट्रैक्टर लेकर घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में परिवार के ही बीरबल, गिरधारी, दिलीप, सुरेंद्र, श्रवण सहित दो-तीन अन्य लोगों ने उन्हें रोक लिया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने पहले लोडर वाहन से टक्कर मारकर ट्रैक्टर को क्षतिग्रस्त किया और इसके बाद लाठी एवं सरियों से मारपीट की।
सिर और चेहरे पर आई गंभीर चोटें
हमले में अनिल सिंह के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें तत्काल सरदारशहर के राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चूरू के डीबी अस्पताल रेफर किया गया।
डीबी अस्पताल में हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए बीकानेर रेफर कर दिया।
पीड़ित पक्ष ने पुरानी रंजिश का लगाया आरोप
दूलरासर निवासी मोनिका ने बताया कि उनके परिवार की कुछ लोगों से पुरानी रंजिश चल रही है और इसी कारण यह हमला किया गया।
अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड से घटना की सूचना पुलिस चौकी को भेज दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






