सरदारशहर। शहर के इमामबाड़ा क्षेत्र में शनिवार रात एक ई-मित्र केंद्र में चोरी की वारदात सामने आई। वार्ड 40 निवासी सोहेल लुहार के ई-मित्र केंद्र को संदिग्ध चोर ने निशाना बनाया।
जानकारी के अनुसार, संदिग्ध ने दुकान के बाहर लगे बिजली मीटर से तार डालकर ग्राइंडर मशीन का इस्तेमाल किया और दुकान का ताला तोड़ दिया। इसके बाद वह ई-मित्र केंद्र के अंदर दाखिल हुआ।
करीब 45,900 रुपए नकदी चोरी होने की बात
वारदात के बाद ई-मित्र केंद्र से करीब 45 हजार 900 रुपए नकद सहित अन्य राशि चोरी होने की बात सामने आई है। हालांकि, चोरी हुई रकम और अन्य सामान की पूरी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
CCTV में पीले सलवार-कुर्ते में दिखा संदिग्ध
वारदात से जुड़े CCTV फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहा है। फुटेज में संदिग्ध ने पीले रंग का सलवार-कुर्ता पहन रखा है और चेहरे पर कपड़ा बांध रखा है।
CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्ध की पहचान के प्रयास कर रही है। आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पड़ोसी ने देखा टूटा ताला, पुलिस को दी सूचना
बताया गया कि पड़ोसी साबिर ने ई-मित्र केंद्र का टूटा हुआ ताला देखा। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस संदिग्ध की पहचान और चोरी की पूरी रकम व सामान का पता लगाने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।






