सरदारशहर। अवैध गतिविधियों और मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरदारशहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 52 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में हरियाणा निवासी दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई तारानगर रोड पर केआर होटल के पास नाकाबंदी के दौरान की गई। बरामद शराब और लग्जरी क्रेटा कार की कुल अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है।
नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश
थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह शेखावत के अनुसार, पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा डीएसपी कुलदीप वालिया के सुपरविजन में कार्रवाई की गई।
हेड कांस्टेबल मनीष कुमार मय जाब्ता मंगलवार को तारानगर से सरदारशहर मार्ग पर केआर होटल के पास मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी कर रहे थे।
इसी दौरान भालेरी की तरफ से हरियाणा नंबर की एक संदिग्ध क्रेटा कार तेज रफ्तार में आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन कार सवारों ने नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को मौके पर ही पकड़ लिया।
क्रेटा से 52 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब बरामद
कार की तलाशी लेने पर पुलिस को उसके अंदर से विभिन्न ब्रांड की कुल 52 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया।
मामले में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
हरियाणा के दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार में सवार बोडिया खेड़ा, फतेहाबाद, हरियाणा निवासी 44 वर्षीय मांगेराम सोनी और 25 वर्षीय विष्णु चमार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी शराब को पंजाब से भरकर उदयपुर ले जा रहे थे। पुलिस अब आरोपियों से शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क और संभावित सप्लायर्स के संबंध में पूछताछ कर रही है।
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के बाद अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की सप्लाई कहां से हुई और इसे उदयपुर तक पहुंचाने के पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।






