सरदारशहर। कस्बे के कच्चा बस स्टैंड से बसों के संचालन और विभिन्न समस्याओं को लेकर विवाद एक बार फिर गरमा गया है। मंगलवार को बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में बस ऑपरेटरों, स्थानीय व्यापारियों और विभिन्न संगठनों के लोग एसडीएम कार्यालय पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों ने वहां नारेबाजी कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो 19 सितंबर 2026 से बसों का अनिश्चितकालीन चक्काजाम, धरना-प्रदर्शन और हड़ताल शुरू की जाएगी।
अस्थायी बस स्टैंड से यात्री परेशान: ऑपरेटर्स
बस ऑपरेटर राजेन्द्र कुमार सारण ने बताया कि 13 अगस्त से बसों का संचालन अस्थायी बस स्टैंड से किए जाने के बाद महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगों और आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उनका कहना है कि कच्चा बस स्टैंड परिसर में रेहड़ी-ठेले और अस्थायी कब्जों के कारण यात्रियों के साथ-साथ बस चालकों, ऑटो-टैक्सी संचालकों और व्यापारियों को भी दिक्कत हो रही है।
13 अगस्त की वार्ता में बनी थी सहमति
बस ऑपरेटर्स यूनियन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर प्रशासन के साथ पहले भी वार्ता हो चुकी है। उनके अनुसार 13 अगस्त की वार्ता में बसों का संचालन कृष्णा बस स्टैंड, कच्चा बस स्टैंड से करवाने और बस स्टैंड की समस्याओं के समाधान पर सहमति बनी थी।
यूनियन का आरोप है कि एक महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। इसके चलते बस ऑपरेटरों और व्यापारियों में नाराजगी बढ़ रही है।
हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश का भी दिया हवाला
ज्ञापन में एसोसिएशन ने राजस्थान हाईकोर्ट, जोधपुर में दायर याचिका में पारित 17 अगस्त के अंतरिम आदेश का भी हवाला दिया है।
एसोसिएशन का आरोप है कि मामले में प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।
कच्चा बस स्टैंड से कब्जे हटाने की मांग
बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन की प्रमुख मांग है कि कच्चा बस स्टैंड परिसर से हाथ ठेले और अस्थायी कब्जे हटाकर उन्हें अन्य स्थान पर भेजा जाए। इसके साथ ही बस स्टैंड को बसों के संचालन के लिए व्यवस्थित करने की मांग की गई है।
एसोसिएशन ने प्रशासन से आगामी तीन दिनों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए बसों का संचालन कृष्णा बस स्टैंड से करवाने और बस स्टैंड की सभी समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।
19 सितंबर से चक्काजाम की चेतावनी
राजेन्द्र कुमार सारण ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 19 सितंबर से सभी बसों का संचालन बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हड़ताल के दौरान आमजन को होने वाली किसी भी परेशानी की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
व्यापार मंडल ने भी किया समर्थन का ऐलान
आंदोलन को स्थानीय व्यापार मंडल का भी समर्थन मिला है। व्यापार मंडल की ओर से 19 सितंबर से अनिश्चितकालीन व्यापार बंद का ऐलान किया गया है।
ऐसे में यदि प्रशासन और संगठनों के बीच जल्द सहमति नहीं बनती है तो बसों के साथ बाजार बंद होने से सरदारशहर में आमजन की परेशानी बढ़ सकती है।
पहले भी करीब 10 दिन चली थी हड़ताल
कच्चा बस स्टैंड और बस संचालन को लेकर इससे पहले भी बस ऑपरेटर यूनियन और व्यापारियों की ओर से करीब 10 दिन तक हड़ताल की गई थी।
इसके बाद प्रशासन के साथ हुई वार्ता में मजिस्ट्रेट आवास के पास कुछ दिनों के लिए अस्थायी बस स्टैंड बनाया गया था। यूनियन का आरोप है कि एक महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद प्रशासन की ओर से इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इसी को लेकर अब बस ऑपरेटरों और स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ज्ञापन देने वालों में महावीर, कृष्ण कुमार, रामनिवास, भीमाराम, नरेंद्र कुमार, बलवीर, गोपालसिंह, सुरेंद्र, दिलीपसिंह, कैलाश, संतलाल, दीपचंद, रामकिशन, जयप्रकाश, हीरालाल और अशोक पारीक सहित बड़ी संख्या में बस ऑपरेटर यूनियन के सदस्य और स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।






