सरदारशहर (जगदीश लाटा)। सरदारशहर के भानीपुरा थाना क्षेत्र के सावर गांव में करीब 15 वर्ष पुराने जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गांव में बैठे लोगों पर जानबूझकर कैंपर वाहन चढ़ा दिया गया, जिसमें 55 वर्षीय प्रभुराम मेघवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। बीकानेर ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
कुर्सी से उठ नहीं सके, कैंपर की चपेट में आए
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय गांव में कुछ लोग एक स्थान पर बैठे हुए थे। आरोप है कि कैंपर वाहन उनकी ओर तेज गति से लाया गया। मौके पर मौजूद तीन-चार लोग तो भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन प्रभुराम मेघवाल समय पर कुर्सी से उठ नहीं सके और वाहन की चपेट में आ गए।
गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए बीकानेर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
दो लोगों पर हत्या और एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने मृतक के बेटे की रिपोर्ट पर गांव के मैनपाल सारण और मुकेश सारण के खिलाफ हत्या तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
परिजनों का आरोप है कि घटना से दो दिन पहले भी आरोपियों ने प्रभुराम को जान से मारने और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने की धमकी दी थी।
गिरफ्तारी की मांग पर धरना, पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
घटना के बाद परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर उप जिला अस्पताल के बाहर धरना शुरू कर दिया। बाद में डीएसपी कुलदीप बलिया द्वारा समझाइश और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी कुलदीप बलिया के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।






