सरदारशहर। शहर में शांतिपूर्ण तरीके से नगर निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद अब प्रशासन ने 14 सितंबर को होने वाली मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन की ओर से मतगणना स्थल पर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।
एसडीएम महिपाल सिंह राजावत ने बताया कि एसबीडी राजकीय महाविद्यालय में सोमवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
55 वार्डों की 9 राउंड में होगी गिनती
सरदारशहर नगर निकाय के 55 वार्डों में पड़े मतों की गिनती कुल 9 राउंड में कराई जाएगी। प्रशासन ने मतगणना को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
मतगणना स्थल पर प्रवेश की व्यवस्था भी निर्धारित की गई है। सुबह 6 बजे से 7 बजे तक कर्मचारियों, अधिकृत प्रत्याशियों और अन्य अधिकृत लोगों को प्रवेश दिया जाएगा।
मतगणना स्थल पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात
मतगणना को देखते हुए एसबीडी राजकीय महाविद्यालय में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मतगणना के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
प्रशासन का फोकस मतगणना स्थल के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर है।
मेगा हाईवे पर होगी बैरिकेडिंग
मतगणना के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मेगा हाईवे की मुख्य सड़क पर बैरिकेडिंग की जाएगी। इसके जरिए मतगणना स्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ और आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा।
एसडीएम महिपाल सिंह राजावत ने संबंधित अधिकारियों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मतगणना संपन्न करवाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की कोशिश है कि पूरी प्रक्रिया सुरक्षित, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हो।






