सरदारशहर,जगदीश लाटा। नगर परिषद चुनावों की घोषणा के साथ ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा कार्यालय में पार्षद पद के टिकट के दावेदारों की आवाजाही शुरू हो गई है।

बहादुर सिंह कॉलोनी स्थित भाजपा कार्यालय में दावेदारों ने पूर्व मंत्री एवं स्थानीय भाजपा नेता राजकुमार रिणवा से मुलाकात कर अपनी दावेदारी पेश की।

इस दौरान रिणवा ने अलग-अलग वार्डों से आए कार्यकर्ताओं और दावेदारों से वार्डवार फीडबैक लिया।

जयपुर से लौटने के बाद चुनावी तैयारियों में जुटे रिणवा

पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा ने बताया कि उन्होंने जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अब पार्षद पद के लिए आवेदन मांगे गए हैं।

रिणवा ने कहा कि टिकट वितरण में ऐसे कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्होंने वार्ड में अच्छा काम किया हो और चुनाव जीतने की क्षमता रखते हों।

सर्वे और कार्यकर्ताओं के फीडबैक से होगा टिकट का फैसला

भाजपा की ओर से उम्मीदवार चयन के लिए वार्डवार सर्वे कराने की तैयारी है। रिणवा के अनुसार चार-पांच कार्यकर्ताओं की अलग-अलग कमेटियां गठित की जाएंगी।

ये कमेटियां वार्डों में जाकर संभावित उम्मीदवारों का फीडबैक लेंगी। इसके बाद सर्वे रिपोर्ट और कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर टिकट वितरण किया जाएगा।

इस प्रक्रिया से पार्टी में टिकट के दावेदारों के बीच मुकाबला भी तेज होने की संभावना है।

भाजपा कार्यालय में जुटे कार्यकर्ता और दावेदार

बैठक के दौरान भाजपा के जिला महामंत्री श्याम पारीक, मंडल अध्यक्ष मुकेश भामा, मनीष रिणवा सहित कई भाजपा कार्यकर्ता और पार्षद पद के दावेदार मौजूद रहे।

निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की इस सक्रियता के बाद सरदारशहर के अलग-अलग वार्डों में राजनीतिक समीकरण और टिकट की दौड़ तेज होने लगी है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...