सरदारशहर,जगदीश लाटा। चूरू जिले के सरदारशहर में पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित ऑनलाइन ठगी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक मकान पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह गिरोह विभिन्न ऑनलाइन वेबसाइटों के माध्यम से लोगों को झांसे में लेकर करोड़ों रुपये की ठगी कर रहा था।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छह आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार

थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवेंद्र सिंह (नागौर), जितेश (सरदारशहर), दीपक पांडे (बक्सर, बिहार), महेश कुमार (नागौर), देवव्रत (बक्सर, बिहार) और गणेश (छोटी सरदारशहर) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, गिरोह का कथित मुख्य सरगना विकास कुमार राजपुरोहित कार्रवाई के दौरान लग्जरी कार से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

मोबाइल, लैपटॉप और दस्तावेज जब्त

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 38 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, 23 चेकबुक सहित बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है।

पूरे नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही इस साइबर ठगी गिरोह की पूरी सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों का पता लगाने के लिए जांच का दायरा बढ़ाया गया है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...