चूरू जिले के सरदारशहर क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म और अश्लील फोटो-वीडियो बनाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को तीन दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर जांच शुरू की थी।

पुलिस के अनुसार 8 जून 2026 को ग्रामीण क्षेत्र की एक पीड़िता की ओर से शिकायत दर्ज करवाई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मनोज कुमार ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया तथा उसकी अश्लील फोटो और वीडियो भी बनाए।

मामला दर्ज होते ही शुरू हुई जांच

शिकायत मिलने के बाद सरदारशहर थाने में संबंधित धाराओं और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। चूंकि मामला नाबालिग से जुड़ा था, इसलिए पुलिस ने इसे प्राथमिकता से लेते हुए विशेष कार्रवाई की।

जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार और वृत्ताधिकारी कुलदीप वालिया के सुपरविजन में टीमों का गठन किया गया।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से मिली सफलता

थानाधिकारी मदनलाल के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने उपनिरीक्षक रामफूल मीणा और जाब्ते के साथ विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान तकनीकी सेल की मदद से सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और सूचनाएं जुटाई गईं।

पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया और उसे दस्तयाब कर लिया।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पूछताछ और जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ आरोप प्रमाणित पाए जाने पर उसे पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की पूछताछ और अनुसंधान कर रही है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City