चूरू जिले के सरदारशहर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 144 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया।
नाकाबंदी तोड़कर भागने का किया प्रयास
थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देशन में मेगा हाईवे स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान हनुमानगढ़ के पल्लू की ओर से आ रही एक कार को रुकने का इशारा किया गया।
पुलिस के अनुसार चालक ने नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
डैशबोर्ड में छिपाकर रखी थी हेरोइन
वाहन की तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में बने विशेष स्थान से 144 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ और कार को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान असलम पुत्र दिलशाद खान मिरासी (23) निवासी वार्ड नंबर 9, रावतसर के रूप में हुई है।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच भानीपुरा थाना प्रभारी मंगूराम को सौंपी गई है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई में एसआई ओमप्रकाश यादव, कांस्टेबल अनिल सैनी, शिवकुमार और अनिल कुमार शर्मा शामिल रहे। वहीं, जिला स्पेशल टीम चूरू के कांस्टेबल नवीन कुमार की भी कार्रवाई में विशेष भूमिका रही।






