सरदारशहर। शहर के उपखंड कार्यालय के सामने मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अधिवक्ता दिलीप सिंह ने आत्मदाह का प्रयास किया। घटना SDM कोर्ट के सामने हुई।
बताया गया कि अधिवक्ता ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों और अधिवक्ताओं ने तत्काल बीच-बचाव किया और उन्हें बचा लिया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौके पर एकत्र हो गए।
रीडर से जुड़े विवाद में जांच की मांग
मामला SDM कोर्ट के पेशकार एवं रीडर संदीप भोजक से जुड़े विवाद से जोड़ा जा रहा है। बार एसोसिएशन अध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र सिंह राजपुरोहित ने पुराने मामलों में बैक डेट के आदेश और फाइलों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
रीडर को हटाने की मांग
अधिवक्ताओं की ओर से मांग की जा रही है कि रीडर संदीप भोजक को तत्काल कार्यालय से हटाया जाए और SDM स्वयं पूरे मामले की जांच करें।
अधिवक्ताओं का कहना है कि रीडर को हटाने की मांग को लेकर पहले भी 11 दिन तक आंदोलन किया जा चुका है। आंदोलन के बाद संदीप भोजक का APO भी किया गया था।
घटना के बाद फिर तेज हुआ मामला
अधिवक्ता के आत्मदाह के प्रयास के बाद SDM कार्यालय से जुड़े विवाद को लेकर प्रशासनिक स्तर पर चर्चा फिर तेज हो गई है। फिलहाल मामले में प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई और जांच को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।






