सुजानगढ़। शहर के मुख्य बाजार में चोरों ने एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाते हुए सोना-चांदी चोरी कर लिया। वारदात गांधी चौक के पास सुमेरू कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित दुकान में गुरुवार देर रात करीब 2 बजे के बाद हुई।
चोर दुकान का ताला और कुंडा तोड़कर अंदर घुसे और काउंटर में रखा कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
ढाई किलो चांदी और 10 ग्राम सोना चोरी
दुकानदार राजेंद्र सोनी पुत्र हुलास चंद सोनी, उम्र 55 वर्ष, ने बताया कि वह नगीने का काम करते हैं।
गुरुवार शाम वह रोज की तरह दुकान बंद करके घर चले गए थे। रात में चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
दुकानदार के अनुसार चोर काउंटर में रखी करीब ढाई किलो चांदी और 10 ग्राम सोना ले गए।
सुबह सब्जी विक्रेता ने देखा टूटा ताला
शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे पड़ोस में सब्जी बेचने वाला व्यक्ति वहां पहुंचा।
उसने दुकान का ताला-कुंडा टूटा हुआ देखा। इसके बाद उसने दुकानदार राजेंद्र सोनी को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंचे और पुलिस को चोरी की सूचना दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने चोरी के संबंध में जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
मुख्य बाजार में ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी के बाद आसपास के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है।






