सुजानगढ़। मुख्य बाजार स्थित घंटाघर के नजदीक बैंक ऑफ बड़ौदा के पीछे एक मकान में 83 वर्षीय बुजुर्ग महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत का मामला सामने आया है।
मृतका की पहचान पुखराज देवी पत्नी स्व. रणजीत सिंह चौरड़िया के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह मकान में अकेली रहती थीं, जबकि उनके बच्चे कोलकाता में रहते हैं।
फर्श पर पड़ी मिली महिला की डेड बॉडी
जानकारी के अनुसार पुखराज देवी की डेड बॉडी मकान के अंदर फर्श पर पड़ी मिली। मौके पर फर्श पर काफी मात्रा में खून बिखरा हुआ था।
महिला के गले पर कट का निशान भी दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
हत्या और लूट के एंगल से जांच
घटना की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। लूट की संभावना को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
पुलिस अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के पीछे क्या कारण रहा।
डीवाईएसपी, एडिशनल एसपी और थानाधिकारी मौके पर
सूचना मिलने पर डीवाईएसपी शुभम अनुज कुमार, एडिशनल एसपी पवन कुमार और थानाधिकारी मुकेश सिंह मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जांच के लिए पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की जा रही है। बैंक और आसपास के क्षेत्र में लगे कैमरों से घटना से जुड़े संभावित सुराग तलाशे जा रहे हैं।
पुलिस बोली- जांच के बाद सामने आएगी पूरी स्थिति
डीवाईएसपी शुभम अनुज कुमार ने बताया कि पुलिस को एक महिला की डेड बॉडी मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि बैंक ऑफ बड़ौदा के पास वाली गली में स्थित मकान में 83 वर्षीय पुखराज देवी अकेली रहती थीं और उनके गले पर कट का निशान दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
हत्या है या हादसा? जांच के बाद होगा खुलासा
फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मौत मानकर जांच कर रही है। गले पर कट का निशान, मौके पर मिला खून और अन्य परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज से ही बुजुर्ग महिला की मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।






