चूरू। नगर निकाय चुनाव के बाद सुजानगढ़ में सभापति पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। भाजपा के जीते हुए पार्षदों को पुष्कर के नजदीक एक रिसॉर्ट में बाड़ाबंदी में रखा गया है। गुरुवार को पार्षदों ने रिसॉर्ट के स्विमिंग पूल में डीजे की धुन पर डांस करते हुए जश्न मनाया।
इस दौरान सभापति पद के भाजपा प्रत्याशी मदनलाल गुलेरिया भी पार्षदों के साथ स्विमिंग पूल में नजर आए। काली टी-शर्ट पहने गुलेरिया ने पार्षदों के साथ पानी में मस्ती की।
31 सीटों के साथ भाजपा के पास बहुमत
सुजानगढ़ नगर निकाय में कुल 60 सीटें हैं। चुनाव परिणाम में भाजपा ने 31 सीटों पर जीत दर्ज की, जिससे पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा हासिल कर लिया है। इसके बावजूद निर्दलीय पार्षदों को लेकर भाजपा की ओर से लगातार दूसरी बाड़ाबंदी की जा रही है।
वहीं, कांग्रेस के खाते में 9 सीटें आई हैं। कांग्रेस ने सभापति पद के लिए अमित मारोठिया को अपना प्रत्याशी बनाया है।
निर्दलीय पार्षदों पर टिकी नजर
भाजपा के पास बहुमत होने के बावजूद निर्दलीय पार्षदों की भूमिका को लेकर राजनीतिक हलचल बनी हुई है। इसी के चलते निर्दलीय पार्षदों को भी अपने खेमे में बनाए रखने के प्रयासों के बीच बाड़ाबंदी जारी है।
अब सभापति चुनाव में भाजपा के मदनलाल गुलेरिया और कांग्रेस के अमित मारोठिया के बीच मुकाबले पर नजर है। वहीं निर्दलीय पार्षदों की भूमिका भी चुनावी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।






