सुजानगढ़। नगर परिषद सभापति पद के चुनाव को लेकर बुधवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई। सभापति पद के लिए भाजपा से मदनलाल गुलेरिया और कांग्रेस से अमित मारोठिया ने नामांकन दाखिल किया।
सुजानगढ़ नगर परिषद में कुल 60 वार्ड हैं। हाल ही में हुए चुनाव में भाजपा ने 31, कांग्रेस ने 9 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 20 सीटों पर जीत दर्ज की है।
भाजपा के पास बहुमत का आंकड़ा
सभापति चुनाव में बहुमत के लिए 31 पार्षदों की जरूरत है और चुनाव परिणाम के अनुसार भाजपा के पास यह संख्या मौजूद है। हालांकि, पार्टी के भीतर किसी तरह की असहमति या बगावत की स्थिति में समीकरण प्रभावित हो सकते हैं।
इसी को देखते हुए भाजपा अपने जीते हुए बागी पार्षदों को साथ लाने की कवायद में जुटी है। नामांकन के दौरान भाजपा ने अपनी एकजुटता भी प्रदर्शित की।
नामांकन के दौरान भाजपा नेताओं की मौजूदगी
मदनलाल गुलेरिया के नामांकन के दौरान सभापति पद के संभावित दावेदार पार्षद तनसुखलाल प्रजापत और बाड़ाबंदी से बाहर निकले पार्षद हरिओम खोड़ भी उनके साथ नजर आए।
इसके अलावा चुनाव प्रभारी एवं माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद टाक, एससी वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र नायक, विधानसभा प्रत्याशी रही संतोष मेघवाल, एससी मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता एवं वार्ड 25 के पार्षद बाबूलाल कुलदीप सहित कई नेता मौजूद रहे।
गुलेरिया ने अपना आवेदन और प्रहलाद टाक ने पार्टी का सिंबल निर्वाचन अधिकारी एडीएम संतोष मीणा को सौंपा।
बोले मदनलाल गुलेरिया- शहर का विकास प्राथमिकता
नामांकन के बाद मदनलाल गुलेरिया ने पार्टी का आभार जताते हुए कहा कि वे सभी को साथ लेकर शहर के विकास के लिए प्रयास करेंगे।
उन्होंने जलभराव की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाने की बात कही।
कांग्रेस से अमित मारोठिया ने भरा पर्चा
कांग्रेस की ओर से पिछले बोर्ड में उपसभापति रहे अमित मारोठिया ने सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल किया।
मारोठिया ने कहा कि कांग्रेस की सीटें कम आई हैं, लेकिन पार्टी चुनाव लड़कर जीतने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि यदि सभापति नहीं भी बन पाए तो विपक्ष में मजबूती से जनता की आवाज उठाई जाएगी और शहर के मुद्दों को सदन में रखा जाएगा।
अनामिका गोदारा नामांकन नहीं भर पाईं
बुधवार को वार्ड 16 की अनामिका गोदारा दोपहर 2:53 बजे सभापति पद के लिए फॉर्म जमा कराने पहुंचीं। हालांकि, वह पार्षद नहीं हैं। साथ ही प्रस्तावक पार्षद सहित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी नहीं होने के कारण उनका नामांकन दाखिल नहीं हो सका।
17 सितंबर को जांच, 21 को चुनाव
नगर परिषद सभापति पद के लिए 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 18 सितंबर नामांकन वापसी की अंतिम तारीख है।
इसके बाद 21 सितंबर को सभापति पद के लिए चुनाव होगा। नामांकन वापसी के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि अंतिम मुकाबला किन प्रत्याशियों के बीच रहेगा।






