सुजानगढ़ (चूरू)। दीपावली के त्योहार से पहले शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भाजपा पार्षद सोमवार को नगर परिषद आयुक्त महेंद्र सिंह चारण से मिले।
पार्षदों ने आयुक्त के सामने शहर की सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं रखीं। उन्होंने कहा कि शहर में वर्तमान में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है और दीपावली से पहले इसे बेहतर किया जाना जरूरी है।
स्टाफ को सफाई के लिए पाबंद करने की मांग
भाजपा पार्षदों ने आयुक्त से मांग की कि नगर परिषद के सफाई स्टाफ को दीपावली से पहले समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पाबंद किया जाए।
पार्षदों ने शहर के विभिन्न इलाकों में नियमित सफाई और त्योहार से पहले विशेष सफाई व्यवस्था पर जोर दिया।
आयुक्त बोले- 15 दिन में दुरुस्त होगी व्यवस्था
पार्षदों की बात सुनने के बाद आयुक्त महेंद्र सिंह चारण ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में 15 दिनों में सुधार नजर आएगा।
उन्होंने बताया कि सफाई निरीक्षक सहित संबंधित स्टाफ को सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए गए हैं।
आयुक्त ने कहा कि दीपावली के दौरान पूरे शहर में बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
लापरवाही पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
आयुक्त महेंद्र सिंह चारण ने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
ये रहे मौजूद
इस दौरान पूर्व पार्षद दीनदयाल पारीक, गणेश मंडावरिया, मनीष दाधीच, नरेंद्र गुर्जर, कन्हैयालाल जाखड़, बलराम सोनी, योगेश तंवर, ज्योति भार्गव और राकेश प्रजापत सहित कई पार्षद मौजूद रहे।
