सुजानगढ़। शहर के वार्ड नंबर 15 में मंगलवार को एक चेजा मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में दर्दनाक मौत हो गई। करणी मंदिर के नजदीक रहने वाले 50 वर्षीय गोविंद राम भाकर की गर्दन कटी लाश उनके घर के बाड़े में मिली। शव के पास टाइल काटने वाला ग्राइंडर पड़ा था और आसपास खून के छींटे भी मिले।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस के एएसआई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
काम से छुट्टी कर करीब एक बजे घर आया था मृतक
जानकारी के अनुसार, गोविंद राम भाकर पुत्र हनुमानाराम भाकर चेजा मजदूरी का काम करता था। उसकी बेटी ने पुलिस को बताया कि गोविंद राम करीब एक बजे काम से छुट्टी लेकर घर आया था।
वह घर के बाहर बाड़े में बैठा था। कुछ देर बाद जब बेटी उसे खाना खाने के लिए बुलाने गई तो उसकी गर्दन कटी हुई मिली। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
साथी मिस्त्री ने भी पुलिस को दी जानकारी
गोविंद राम के साथ काम करने वाले मिस्त्री चुन्नीलाल ने पुलिस को बताया कि दोनों नया बास स्थित एक घर में काम कर रहे थे। चुन्नीलाल के अनुसार, वह करीब 12:45 बजे काम से छुट्टी कर अपने घर आ गया था। इसके बाद उसे गोविंद राम की मौत की जानकारी मिली।
पुलिस ने ग्राइंडर कब्जे में लिया
पुलिस ने मौके से टाइल काटने वाले ग्राइंडर को कब्जे में लिया है। घटनास्थल पर मौका मुआयना करने के साथ पुलिस ने मृतक के परिजनों और उसके साथ काम करने वाले लोगों से जानकारी जुटाई।
पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि गोविंद राम की गर्दन किस परिस्थितियों में कटी और उसकी मौत कैसे हुई।
शव मोर्चरी में रखवाया
पुलिस ने टीम हारे का सहारा के श्याम स्वर्णकार की सहायता से शव को बगड़िया अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारण का पता जांच और आवश्यक चिकित्सकीय कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।






