चूरू। नगर निकाय चुनाव के बाद अब सुजानगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी का दौर शुरू हो गया है। दोनों प्रमुख दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को सालासर में ठहराया है।
जानकारी के अनुसार भाजपा के सभी 58 प्रत्याशियों को सालासर स्थित एक सेवा सदन में रखा गया है। यहां भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित पार्टी के कई पदाधिकारी भी प्रत्याशियों के साथ मौजूद हैं।
भाजपा प्रत्याशियों से मिलने पहुंचे राजेंद्र राठौड़
शनिवार सुबह भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ भी सालासर पहुंचे और पार्टी के प्रत्याशियों से मुलाकात की।
पार्टी की ओर से प्रत्याशियों के ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए पदाधिकारी मौजूद हैं।
कांग्रेस के 32 प्रत्याशी और तीन निर्दलीय भी मौजूद
वहीं कांग्रेस प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी भी सालासर के ही एक अन्य सेवा सदन में चल रही है। यहां कांग्रेस के 32 पार्षद प्रत्याशी और तीन निर्दलीय प्रत्याशी मौजूद बताए जा रहे हैं।
कांग्रेस की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी पूर्व प्रधान गणेश ढाका संभाल रहे हैं।
14 सितंबर के बाद विजयी प्रत्याशियों को किया जाएगा शिफ्ट
जानकारी के अनुसार 14 सितंबर को चुनाव परिणाम आने के बाद जीतने वाले प्रत्याशियों को यहां से दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा।
नगर निकाय चुनाव के बाद शुरू हुई इस बाड़ाबंदी के बीच अब राजनीतिक दलों की नजर परिणाम और आगे बनने वाले समीकरणों पर है।






