सुजानगढ़ नगर परिषद में उपसभापति पद के चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। उपसभापति पद के लिए दोनों दलों के प्रत्याशियों ने मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल किया।
कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर 18 की विजयी पार्षद सोनिका शर्मा ने उपसभापति पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं भाजपा की ओर से वार्ड नंबर 45 के विजयी पार्षद तनसुख प्रजापत ने अपना नामांकन प्रस्तुत किया।
दोनों प्रत्याशियों ने रिटर्निंग अधिकारी संतोष मीणा को नामांकन पत्र सौंपे।
भाजपा प्रत्याशी के साथ पार्टी पदाधिकारी मौजूद
भाजपा प्रत्याशी तनसुख प्रजापत के नामांकन के दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान श्री यादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष एवं चुनाव प्रभारी प्रहलाद राय टाक, सह प्रभारी मधुसूदन राजपुरोहित, सभापति मदनलाल गुलेरिया, मंडल अध्यक्ष विनय माटोलिया और पूर्व मंडल अध्यक्ष सुभाष पारीक सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अब उपसभापति पद के चुनाव में कांग्रेस की सोनिका शर्मा और भाजपा के तनसुख प्रजापत के बीच मुकाबला होगा। चुनाव प्रक्रिया के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे नामांकन पत्रों की संवीक्षा, नाम वापसी और आवश्यकता होने पर मतदान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।






