सुजानगढ़ शहर के सालासर रोड स्थित पुराने चुंगी नाका पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। फल-सब्जी मंडी की ओर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी प्याऊ से टकरा गया, जिससे प्याऊ का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर ढह गया।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ट्रेलर से बचने के प्रयास में हुआ हादसा

ट्रक चालक दशरथ ने बताया कि वह पलसाना से सब्जियां लेकर सुजानगढ़ फल-सब्जी मंडी आ रहा था।

मंडी से कुछ दूरी पहले एक ट्रेलर ने अचानक और खतरनाक तरीके से ओवरटेक किया। ट्रेलर से टक्कर बचाने के प्रयास में ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे चुंगी नाका स्थित प्याऊ से जा टकराया।

प्याऊ का अगला हिस्सा ढहा

टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्याऊ का सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गिर गया।

हालांकि इस हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन नगर परिषद की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।

नगर परिषद ने तैयार की मौका रिपोर्ट

घटना की सूचना मिलते ही नगर परिषद के एसआई ओमप्रकाश स्वामी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने बताया कि यह पुरानी प्याऊ नगर परिषद की संपत्ति है। मामले में मौका रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों और पुलिस को भेजी जाएगी ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।

1988 में बनवाई गई थी प्याऊ

जानकारी के अनुसार यह प्याऊ वर्ष 1988 में लाहोटी परिवार द्वारा बनवाई गई थी।

बाद में इसे चुंगी नाका और सार्वजनिक प्याऊ के उपयोग के लिए नगर परिषद को सौंप दिया गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार यह प्याऊ वर्षों से राहगीरों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा का केंद्र रही है।

नुकसान का किया जाएगा आकलन

नगर परिषद अब क्षति का आकलन करेगी और आवश्यक मरम्मत कार्य को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द से जल्द प्याऊ की मरम्मत करवाने की मांग की है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City