सुजानगढ़। नगर निकाय चुनाव के दौरान सुजानगढ़ के वार्ड नंबर 2 स्थित मतदान केंद्र पर एक व्यक्ति के मतदान केंद्र के अंदर अधिक देर तक मौजूद रहने को लेकर हंगामे की स्थिति बन गई।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
निर्दलीय प्रत्याशी ने लगाया वोटरों को इशारा करने का आरोप
निर्दलीय प्रत्याशी लक्ष्मी प्रजापत ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति मतदान केंद्र के अंदर मौजूद रहकर मतदाताओं को एक विशेष पक्ष के समर्थन में मतदान करने के लिए इशारे कर रहा था।
आरोप को लेकर मतदान केंद्र पर कुछ देर के लिए विवाद की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने बताया क्या हुआ था
वहीं पुलिस प्रशासन के अनुसार मतदान केंद्र पर मतदाताओं की भीड़ होने के कारण संबंधित व्यक्ति को वोट डालने में थोड़ा अधिक समय लग गया था।
पुलिस के मुताबिक इसके अलावा मतदान केंद्र पर कोई अन्य गड़बड़ी नहीं हुई और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
मतदान प्रक्रिया जारी
हंगामे के बाद पुलिस की मौजूदगी में मतदान प्रक्रिया जारी रही। प्रशासन और पुलिस की ओर से मतदान केंद्रों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है।






