सुजानगढ़। शहर के वार्ड 20 में राजकीय तेलियान स्कूल के पास मंगलवार रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया।
बताया जा रहा है कि चोर रात करीब 3 बजे मकान में घुसे और पांच कमरों में बनी 6 आलमारियों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
2.40 लाख नकद और सोना-चांदी चोरी
मकान मालिक के रिश्तेदार गफूर खींची ने बताया कि उनके चचेरे भाई बाबूलाल खींची कोलकाता में रहते हैं और मकान बंद रहता है।
उनके बेटे मो. अली करीब एक सप्ताह पहले यहां आए थे। उन्होंने कमरे में बनी आलमारी के लॉकर में 2 लाख 40 हजार रुपये नकद रखे थे।
चोर आलमारी का लॉकर तोड़कर नकदी के साथ 6 तोला सोना और 70 तोला चांदी भी चोरी कर ले गए।
घनी बस्ती में चोरी से चिंता
घटना की जानकारी मिलने पर पार्षद मो. रफीक खींची भी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने कहा कि घनी बस्ती के बीच स्थित मकान में चोरी की घटना चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदात का जल्द खुलासा करने की मांग की।
पुलिस ने शुरू की जांच
बुधवार को कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके।






