चूरू के तारानगर में ई-मित्र संचालक पर हमले के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मिर्च पाउडर आंखों में डालकर कुल्हाड़ी और सरियों से हमला किया गया था। पुलिस के अनुसार हमला मनरेगा कार्यों में भ्रष्टाचार की शिकायत को लेकर करवाया गया।

ई-मित्र संचालक को रास्ते में घेरकर हमला

चूरू जिले के तारानगर थाना क्षेत्र में ई-मित्र संचालक सीताराम प्रजापत पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

तारानगर थानाधिकारी पुष्पेंद्र सिंह के अनुसार घटना 10 अगस्त की रात की है। सीताराम दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहा था। इसी दौरान रीको एरिया में बीएसएनएल टावर के पास तीन युवकों ने उसकी बाइक रुकवा ली।

आरोपियों ने सीताराम की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका और इसके बाद कुल्हाड़ी व सरियों से हमला कर दिया।

मोबाइल तोड़ा, 1800 रुपये भी लूटे

हमलावरों ने मारपीट के दौरान सीताराम का मोबाइल तोड़ दिया और उसके पास रखे 1800 रुपये भी ले गए।

घटना के बाद सीताराम के भाई गोपालराम ने 11 अगस्त को तारानगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

CCTV, डंप डेटा और CDR से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, डंप डेटा और सीडीआर की मदद ली। तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने हमले में शामिल तीन आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

इसके अलावा पुलिस ने मामले के मुख्य साजिशकर्ता सुनील बागड़ी को भी गिरफ्तार किया है।

वनरक्षक पर हमले की साजिश रचने का आरोप

थानाधिकारी के अनुसार गिरफ्तार सुनील बागड़ी वन विभाग में वनरक्षक के पद पर कार्यरत है।

पुलिस जांच में सामने आया कि वन विभाग में चल रहे मनरेगा कार्यों में भ्रष्टाचार की शिकायत को लेकर ई-मित्र संचालक सीताराम पर हमला करवाने की साजिश रची गई थी।

पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हमले की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...