मुंबई (अनिल बेदाग) दिग्गज अभिनेता अन्नू कपूर एक बार फिर अपनी दमदार अदाकारी और कॉमिक अंदाज़ के साथ बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘उत्तर दा पुत्तर’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसे अभिनेता मनोज बाजपेयी ने लॉन्च किया। ट्रेलर में कॉमेडी के साथ अंधविश्वास, वास्तुशास्त्र और किस्मत पर आंख मूंदकर भरोसा करने वाली सोच पर व्यंग्यात्मक अंदाज़ देखने को मिलता है।
फिल्म 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
कॉमेडी के साथ सामाजिक संदेश
प्रोमोडोम मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बनी यह फिल्म एक ऐसे साधारण व्यक्ति की कहानी दिखाती है, जो मानता है कि उसकी जिंदगी की हर समस्या का समाधान केवल सही दिशा में छिपा है। अन्नू कपूर अपने खास अभिनय अंदाज़ से हास्य और भावनाओं का बेहतरीन संतुलन प्रस्तुत करते नजर आते हैं।
फिल्म मनोरंजन के साथ दर्शकों को यह सोचने पर भी मजबूर करती है कि जीवन के फैसले अंधविश्वास के बजाय समझदारी और कर्म के आधार पर होने चाहिए।
दमदार स्टारकास्ट से सजी फिल्म
फिल्म में अन्नू कपूर के अलावा रुखसार रहमान, बृजेन्द्र काला, पवन मल्होत्रा, इश्तियाक खान, जीवेषु अहलूवालिया, राजेंद्र सेठी, सुमित गुलाटी और नितिन अरोड़ा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
निर्माता संदीप कपूर और निर्देशक रविंदर सिवाच का कहना है कि फिल्म पूरे परिवार के साथ देखने लायक मनोरंजक कहानी है, जिसमें हास्य के साथ सकारात्मक संदेश भी छिपा है।
24 जुलाई को होगी रिलीज
‘करम बड़े या किस्मत?‘ जैसे सवाल को केंद्र में रखकर बनाई गई यह फैमिली एंटरटेनर 24 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और फिल्म को लेकर उत्सुकता भी बढ़ गई है।






