मराठी और हिंदी सिनेमा के अभिनेता पुष्कर जोग अपनी नई ब्रिटिश-इंडियन क्रॉसओवर फिल्म ‘अंतराल’ के साथ दर्शकों के बीच आने की तैयारी में हैं। फिल्म की शूटिंग यूनाइटेड किंगडम (यूके) में शुरू हो चुकी है। हॉरर, रोमांस और ड्रामा के अनोखे मेल पर आधारित इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री अनीसा बट मुख्य भूमिका निभा रही हैं।
फिल्म की शूटिंग शुरू होने की जानकारी खुद पुष्कर जोग ने सोशल मीडिया पर सेट से क्लैपबोर्ड की तस्वीर साझा कर दी। पोस्ट सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ गया है।
हॉरर, रोमांस और ड्रामा का अनोखा मेल
निर्माताओं के अनुसार, ‘अंतराल’ में रोमांस, रहस्य और डर का ऐसा मिश्रण देखने को मिलेगा, जो दर्शकों को एक अलग सिनेमाई अनुभव देने का प्रयास करेगा। फिल्म की कहानी और प्रस्तुति को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।
गूजबंप्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही फिल्म
फिल्म का निर्माण गूजबंप्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया जा रहा है। इसका निर्देशन तेजा सलादी कर रहे हैं, जबकि सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी निखिल रानाडे निभा रहे हैं।
फिल्म की अलग विषयवस्तु और ब्रिटिश-इंडियन प्रस्तुति को देखते हुए इंडस्ट्री और दर्शकों के बीच इसे लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। हालांकि, फिल्म की रिलीज़ डेट की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।






