मुंबई (अनिल बेदाग) मनोरंजन पत्रकारिता से फिल्म निर्देशन तक का सफल सफर तय करने वाली नीरू शर्मा की पहली निर्देशित हिंदी थ्रिलर फिल्म ‘बांद्रा बॉय’ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। महज 21 मिनट की इस फिल्म को न्यूयॉर्क के दो प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में सम्मान और पहचान मिली है, जिससे भारतीय स्वतंत्र सिनेमा को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिली है।

फिल्म को फ्रेम्स ऑफ न्यूयॉर्क फिल्म फेस्टिवल में सेमीफाइनलिस्ट चुना गया है, जबकि न्यूयॉर्क इंटरनेशनल वुमेन फेस्टिवल में इसे अवॉर्ड विनर का सम्मान प्राप्त हुआ है। निर्देशन की पहली ही फिल्म के लिए यह उपलब्धि नीरू शर्मा के करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है।

सिर्फ थ्रिलर नहीं, समाज से जुड़े सवाल भी उठाती है फिल्म

‘बांद्रा बॉय’ केवल एक सस्पेंस थ्रिलर नहीं है, बल्कि यह मीडिया, सामाजिक धारणाओं और वास्तविक सच्चाई के बीच मौजूद उस अंतर को उजागर करती है, जहां कई बार किसी व्यक्ति पर फैसला तथ्यों से पहले ही सुर्खियों के आधार पर सुना दिया जाता है।

फिल्म दर्शकों को यह सोचने पर मजबूर करती है कि क्या समाज किसी व्यक्ति के वास्तविक सच सामने आने से पहले ही उसे दोषी या निर्दोष मान लेता है।

पत्रकारिता का अनुभव बना फिल्म की ताकत

दो दशक से अधिक समय तक बॉलीवुड और मनोरंजन पत्रकारिता से जुड़ी रहीं नीरू शर्मा ने अपने अनुभवों को इस फिल्म की कहानी में पिरोया है। उन्होंने फिल्म निर्माण में कदम रखने से पहले व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल से निर्देशन का प्रशिक्षण भी प्राप्त किया।

अपनी पहली फिल्म की सफलता पर नीरू शर्मा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान उनके लिए बेहद प्रेरणादायक है और भविष्य में भी वे ऐसी कहानियां लेकर आएंगी जो समाज को सोचने पर मजबूर करें।

मजबूत स्टारकास्ट और अनुभवी तकनीकी टीम

फिल्म में अहवान कुमार मुख्य भूमिका में हैं, जबकि धर्मेंद्र गोहिल अहम किरदार निभा रहे हैं। इसके अलावा लोचन बारसगड़े, यश पेडणेकर, शाम थोंबरे, पवन तिवारी, ऐश्वर्या मनोहर, हिमांशी मंडालिया और नंदिनी शर्मा भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म का निर्माण राजीव पराशर ने किया है। संपादन संदीप कुरुप ने किया है, जो मुबारकां, सड़क 2 और क्रैक जैसी फिल्मों से जुड़े रहे हैं। सिनेमैटोग्राफी आयुष शाह और बैकग्राउंड स्कोर कौशल महावीर ने तैयार किया है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...