मुंबई (अनिल बेदाग)। भारतीय संस्कृति, ग्रामीण जीवन और मानवीय मूल्यों को कहानी के केंद्र में रखकर बन रही फिल्म ‘बोलो राधे राधे’ इन दिनों अपनी विषयवस्तु को लेकर चर्चा में है।
लेखक-निर्देशक रवि भाटिया की इस फिल्म में एक भारतीय किसान परिवार के संघर्ष, रिश्तों और भावनाओं के जरिए ग्रामीण जीवन से जुड़े कई पहलुओं को सामने लाने का प्रयास किया गया है।
फिल्म में गौ आधारित जीवनशैली, प्राकृतिक खेती, ग्रामीण रोजगार और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है।
मथुरा-वृंदावन में पूरी हुई पहले चरण की शूटिंग
फिल्म के पहले चरण की शूटिंग मथुरा-वृंदावन में पूरी हो चुकी है। अब नवरात्रि से उत्तर प्रदेश के गोंडा, भदोही, बस्ती और अयोध्या के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अगले शेड्यूल की शूटिंग शुरू करने की तैयारी है।
फिल्म की कहानी में गांव और वहां की जीवनशैली को प्रमुख स्थान दिए जाने की जानकारी दी गई है।
श्रवण कुमार और नयन तारा मुख्य भूमिकाओं में
फिल्म में श्रवण कुमार और नयन तारा प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं अनुभवी कलाकार गोविंद नामदेव और बिजेंद्र काला के महत्वपूर्ण भूमिकाओं में होने की संभावना बताई गई है।
फिल्म में एक रशियन अभिनेत्री कृष्ण की दासी की भूमिका में दिखाई देंगी।
11 गीतों से सजेगी फिल्म
‘बोलो राधे राधे’ में कुल 11 गीत शामिल किए जाने की जानकारी दी गई है। फिल्म की कहानी में कृष्ण भक्ति और भारतीय सांस्कृतिक परिवेश को भी प्रमुखता देने का प्रयास किया गया है।
फिल्म को अगले वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रिलीज करने की तैयारी है।
9 भाषाओं में रिलीज की योजना
फिल्म को हिंदी के साथ कुल 9 भारतीय भाषाओं में रिलीज करने की योजना है। इसे भारत के साथ विदेशों में भी प्रदर्शित करने की तैयारी की जा रही है।
फिल्म निर्माताओं का उद्देश्य मनोरंजन के साथ भारतीय संस्कृति, ग्रामीण आत्मनिर्भरता और मानवीय मूल्यों से जुड़े विषयों को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाना है।






