मुंबई (अनिल बेदाग)। बॉलीवुड अभिनेता शरमन जोशी एक बार फिर अपनी लोकप्रिय कॉमेडी और चिर-परिचित किरदार लक्ष्मण के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने की तैयारी में हैं।
बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म ‘गोलमाल 5’ में उनकी वापसी को लेकर उत्साह बना हुआ है। शरमन की वापसी के साथ फिल्म में उनकी और कुणाल खेमू की जोड़ी भी लंबे अंतराल के बाद फिर साथ दिखाई दे सकती है।
दोनों कलाकार इससे पहले फिल्म ‘ढोल’ में साथ नजर आए थे, जहां उनकी कॉमिक टाइमिंग को दर्शकों ने पसंद किया था।
बदलते दर्शकों पर शरमन जोशी ने कही ये बात
फिल्मों और दर्शकों की बदलती पसंद पर बात करते हुए शरमन जोशी ने कहा कि आज का दर्शक पहले की तुलना में ज्यादा जागरूक है और फिल्म के हर पहलू पर सवाल करता है।
उनके मुताबिक, अब केवल बड़े सितारे या भव्य निर्माण किसी फिल्म की सफलता के लिए पर्याप्त नहीं हैं। कहानी, निर्देशन और प्रोडक्शन वैल्यू भी उतने ही महत्वपूर्ण हो गए हैं।
शरमन का मानना है कि दर्शकों की बढ़ती अपेक्षाएं फिल्म इंडस्ट्री के लिए सकारात्मक बदलाव लेकर आई हैं।
बेहतर कंटेंट की मांग से कलाकारों को मिलती है चुनौती
शरमन जोशी के अनुसार, जब दर्शक बेहतर और दमदार कंटेंट की मांग करते हैं तो कलाकारों को भी अपनी क्षमता को और निखारने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने दर्शकों की बढ़ती सजगता को उत्साहजनक बताया। उनके अनुसार इससे फिल्म निर्माण से जुड़े हर स्तर पर बेहतर काम करने की चुनौती मिलती है।
शरमन को मिल रही हैं खास स्क्रिप्ट
शरमन जोशी ने बताया कि हाल के दिनों में उन्हें कई ऐसी स्क्रिप्ट मिल रही हैं, जिनकी कहानियां उन्हें बेहद खास लगती हैं।
उन्होंने कहा कि पहले लगातार इस तरह की मजबूत कहानियां सुनने को नहीं मिलती थीं, लेकिन अब आने वाले प्रस्तावों में कुछ ऐसा होता है, जिसे मना करना मुश्किल हो जाता है।
एक कलाकार के तौर पर शरमन ने इस बदलाव को उत्साह बढ़ाने वाला बताया।
कुणाल खेमू के साथ फिर दिखेगी कॉमेडी की जोड़ी
‘गोलमाल 5’ में कुणाल खेमू के साथ दोबारा काम करने को लेकर शरमन जोशी काफी उत्साहित हैं।
उन्होंने कुणाल की अभिनय क्षमता की तारीफ करते हुए कहा कि वह हमेशा से शानदार अभिनेता रहे हैं।
शरमन ने बताया कि ‘ढोल’ के समय दोनों कलाकार काफी युवा थे। अब कुणाल ने अभिनय के साथ-साथ लेखन के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का विस्तार किया है।
लक्ष्मण के किरदार को लेकर सस्पेंस बरकरार
शरमन जोशी ने ‘गोलमाल 5’ में अपने किरदार को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि, उनके बयान से फिल्म को लेकर उनकी उत्सुकता साफ नजर आती है।
उन्होंने दर्शकों को भरोसा दिलाया कि फिल्म से बहुत कुछ उम्मीद की जा सकती है और उन्हें निराशा नहीं होगी।
अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि ‘गोलमाल 5’ में लक्ष्मण किस नए अंदाज में नजर आएंगे और शरमन जोशी-कुणाल खेमू की जोड़ी एक बार फिर कॉमेडी का कितना धमाल मचाएगी।
