मुंबई (अनिल बेदाग) अक्षय ओबेरॉय और हेली दारूवाला अभिनीत फिल्म ‘लव लॉटरी’ का 49 सेकंड का फर्स्ट लुक जारी कर दिया गया है। फर्स्ट लुक रिलीज होते ही फिल्म ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। निर्माताओं के अनुसार यह फिल्म सिर्फ एक रोमांटिक कहानी नहीं, बल्कि कोर्टरूम ड्रामा, मर्डर मिस्ट्री और सस्पेंस थ्रिलर का अनोखा मिश्रण है।

बताया गया है कि सत्य घटनाओं से प्रेरित यह कहानी एक आधुनिक शहरी दंपति के रिश्ते से शुरू होती है, जो आगे चलकर कानूनी लड़ाई, रहस्यमयी हत्या और कई चौंकाने वाले खुलासों तक पहुंचती है।

फर्स्ट लुक में दिखी दमदार स्टारकास्ट

फिल्म के फर्स्ट लुक में कहानी के रहस्य को बरकरार रखते हुए प्रमुख किरदारों की झलक दिखाई गई है। इसमें अक्षय ओबेरॉय, हेली दारूवाला, कबीर दुहान सिंह, हेमंत पांडे, विजयंत कोहली और अग्नि अग्यारी नजर आते हैं। वहीं अंत में संतोष शुक्ला की एंट्री सस्पेंस को और गहरा करती है।

रिश्तों और सामाजिक मुद्दों को भी छूती है कहानी

निर्माताओं के मुताबिक फिल्म रिश्तों में विश्वास, सामाजिक धारणाओं, भावनात्मक शोषण और गंभीर आरोपों के मनोवैज्ञानिक प्रभाव जैसे संवेदनशील विषयों को भी सामने लाती है। उत्तराखंड की प्राकृतिक वादियों में फिल्माई गई यह फिल्म अपने आकर्षक दृश्यों के कारण भी चर्चा में है।

निर्माता कुलदीप भार्गव (तुषार) का कहना है कि फिल्म मनोरंजन के साथ दर्शकों को सोचने पर भी मजबूर करेगी। वहीं निर्देशक अरविंद पांडे ने इसे सच्चाई, रिश्तों और इंसानी भावनाओं की गहराई को दिखाने वाली कहानी बताया है।

18 सितंबर को होगी रिलीज

सिनेमा गंज फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘लव लॉटरी’ 18 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म से जुड़े पहले वीडियो ने सस्पेंस और थ्रिल पसंद करने वाले दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...