मुंबई (अनिल बेदाग) रॉकिंग स्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का दूसरा गाना ‘मदहोश’ रिलीज कर दिया गया है। गाने के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है। दर्शक इसकी सिनेमैटोग्राफी, भव्य प्रोडक्शन डिजाइन और यश-तारा सुतारिया की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री की सराहना कर रहे हैं।
‘तबाही’ के बाद अब दिखा फिल्म का रोमांटिक अंदाज
इससे पहले फिल्म का पहला गाना ‘तबाही’ रिलीज हुआ था, जिसने दर्शकों को फिल्म की इंटेंस और भावनात्मक दुनिया से परिचित कराया था। वहीं ‘मदहोश’ फिल्म की कहानी का एक अलग और रोमांटिक पहलू सामने लाता है।
सोशल मीडिया पर कई प्रशंसकों ने फिल्म के विजुअल स्केल, यश की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और निर्देशक गीतू मोहनदास के निर्देशन की तारीफ की है। कई यूजर्स का कहना है कि फिल्म का हर फ्रेम बड़े पर्दे पर शानदार अनुभव देने वाला नजर आता है।
स्टारकास्ट को लेकर भी बढ़ी उत्सुकता
‘मदहोश’ के रिलीज होने के बाद फिल्म के किरदारों और उनके रिश्तों को लेकर भी नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिल्म का निर्माण मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस और केवीएन प्रोडक्शंस के सहयोग से किया गया है।
फिल्म में यश के अलावा नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगी।
26 अगस्त 2026 को होगी रिलीज
निर्माताओं के अनुसार, ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच काफी उत्साह देखा जा रहा है।






