अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन (पूर्वी राजस्थान) ने झुंझुनूं जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से नई जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार संदीप केडिया और सुदीप गोयल को जिला महामंत्री, जबकि रामावतार अग्रवाल को जिला कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
इन नियुक्तियों को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल एवं राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल की सहमति से प्रदेश अध्यक्ष अशोक गर्ग और प्रदेश महामंत्री गोपाल अग्रवाल ने जारी किया।
संगठन को मजबूत करने पर रहेगा फोकस
सम्मेलन ने विश्वास व्यक्त किया है कि नवमनोनीत पदाधिकारी अपने अनुभव, सक्रियता और नेतृत्व क्षमता के बल पर झुंझुनूं जिले में समाज को संगठित और सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाएंगे। साथ ही संगठन की गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
नवमनोनीत पदाधिकारियों संदीप केडिया, सुदीप गोयल और रामावतार अग्रवाल ने संगठन के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के साथ-साथ जिलाध्यक्ष श्यामसुंदर जालान नूआंवाला का आभार व्यक्त किया।
जल्द होगा कार्यकारिणी का विस्तार
जिलाध्यक्ष श्यामसुंदर जालान नूआंवाला ने बताया कि शीघ्र ही वरिष्ठजनों से विचार-विमर्श कर जिला कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। साथ ही आगामी सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से जिले में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
तीनों पदाधिकारियों का सामाजिक और संगठनात्मक अनुभव
संदीप केडिया
चिड़ावा निवासी एवं वर्तमान में झुंझुनूं जिला मुख्यालय पर सक्रिय पत्रकार संदीप केडिया इससे पहले भी अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन में विभिन्न दायित्व निभा चुके हैं। वे वर्तमान में अखिल भारतीय जर्नलिस्ट एंड मास मीडिया फेडरेशन के झुंझुनूं जिलाध्यक्ष भी हैं।
सुदीप गोयल
नवलगढ़ निवासी सुदीप गोयल पिछले 28 वर्षों से बौद्धिक दिव्यांग एवं मूक-बधिर बच्चों की शिक्षा, पुनर्वास और सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्यरत हैं। वे ‘आशा का झरना’ संस्था के माध्यम से नवलगढ़, झुंझुनूं और सीकर में 300 से अधिक विशेष बच्चों के लिए विद्यालय संचालित कर रहे हैं। समाजसेवा के क्षेत्र में उन्हें कई राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हो चुके हैं।
रामावतार अग्रवाल
झुंझुनूं के छावनी बाजार निवासी युवा व्यापारी रामावतार अग्रवाल (पवन गुढ़ावाला) सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। वे वर्तमान में गल्ला व्यापार संघ में सचिव का दायित्व भी निभा रहे हैं।






