झुंझुनूं, खेत, खेती, किसान बचाओ, कार्पोरेट लूट का राज मिटाओ” के नारे के साथ अखिल भारतीय किसान महासभा का पांचवां राष्ट्रीय सम्मेलन 20-21 सितंबर 2026 को जालंधर, पंजाब में आयोजित होगा।

राष्ट्रीय सम्मेलन में राजस्थान सहित देशभर से प्रतिनिधि शामिल होंगे। झुंझुनूं जिले से भी प्रतिनिधियों का जत्था राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कामरेड फूलचंद ढेवा और राष्ट्रीय सचिव कामरेड रामचंद्र कुलहरि के नेतृत्व में जालंधर जाएगा।

कृषि संकट पर चर्चा का दावा

संगठन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है जब भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर भारतीय खेती पर संकट की आशंका जताई जा रही है।

महासभा ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक किसान आंदोलन के दौरान हुए समझौते की मांगों को पूरा नहीं किया। संगठन की ओर से MSP को स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के अनुसार C2+50 प्रतिशत लाभ के आधार पर तय करने और कानूनी गारंटी देने की मांग उठाई गई है।

संगठन ने बिजली सुधार विधेयक 2021 को लेकर भी आपत्ति जताई है। वहीं, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के तहत सस्ते और सब्सिडी आधारित अमेरिकी कृषि उत्पादों के भारतीय बाजार में आने की आशंका जताते हुए इसे भारतीय खेती के लिए गंभीर चुनौती बताया गया है।

सम्मेलन में संघर्ष की रणनीति पर चर्चा

अखिल भारतीय किसान महासभा के अनुसार, राष्ट्रीय सम्मेलन में देश में सामने आ रहे कृषि संकट पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही खेती को कॉरपोरेट प्रभाव से बचाने के लिए आगे की संघर्ष रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

सम्मेलन के दौरान जम्हुरी किसान सभा के अखिल भारतीय किसान महासभा में विलय का भी कार्यक्रम होगा। संगठन के अनुसार जम्हुरी किसान सभा की छह राज्यों में मजबूत उपस्थिति है और यह विलय किसान संगठनों की एकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

सम्मेलन से पहले किसान एकता रैली

राष्ट्रीय सम्मेलन से पहले जालंधर में अखिल भारतीय किसान महासभा की किसान एकता रैली आयोजित की जाएगी। रैली को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के राष्ट्रीय महासचिव कामरेड दीपांकर भट्टाचार्य मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करेंगे।

इसके अलावा आरएमपीआई के राष्ट्रीय महासचिव कामरेड मंगतराम पासला, अखिल भारतीय किसान महासभा के निवर्तमान अध्यक्ष कामरेड रूल्दू सिंह मानसा, निवर्तमान महासचिव एवं भाकपा माले सांसद काराकाट कामरेड राजाराम सिंह तथा ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष कामरेड नेहा बोरा भी रैली को संबोधित करेंगी।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...