सिंघाना। चुनावी रंजिश को लेकर घर के पास बैठे लोगों के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित अशोक कुमार पुत्र बाबूलाल सैनी, निवासी डांसा वाला कुआं, वार्ड नंबर 24 सिंघाना ने पुलिस थाना सिंघाना में रिपोर्ट देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट के अनुसार, अशोक कुमार ने बताया कि वह रात करीब 11 बजे राधेश्याम सैनी के घर के पास बने बाड़े में कुछ लोगों के साथ शांतिपूर्वक बातचीत कर रहा था। इसी दौरान काले रंग की थार गाड़ी नंबर RJ18 CE 6657 वहां आकर रुकी। आरोप है कि वाहन से सुरेंद्र पुत्र माडूराम, रंगलाल उर्फ राहुल पुत्र राजू, रामुतार पुत्र वंशीधर सहित अन्य लोग पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए चुनाव नहीं लड़ने को लेकर विवाद करने लगे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने लाठी, सरियों और डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान उसके साथ मौजूद मुलचंद पुत्र बनवारी लाल के साथ भी मारपीट की गई तथा उसका मोबाइल छीन लिया गया। आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।
अशोक कुमार ने अपनी रिपोर्ट में चुनावी विवाद का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया है कि उसे पूर्व में भी चुनाव नहीं लड़ने की धमकियां दी गई थीं। शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी मां नगर पालिका सिंघाना में कांग्रेस पार्टी से पार्षद पद का चुनाव लड़ रही हैं, जबकि सामने भाजपा समर्थित प्रत्याशी के परिवार से जुड़ा चुनावी विवाद चल रहा है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसे अपनी और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा को लेकर भय है। उसने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।






