झुंझुनूं। झुंझुनूं जिले की बगड़ थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी देश के अलग-अलग राज्यों में हुई साइबर ठगी से जुड़े मामलों में कथित रूप से संलिप्त पाए गए हैं।
नेशनल साइबर पोर्टल की शिकायतों से खुला मामला
पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत, वृत्ताधिकारी हरिसिंह धायल के सुपरविजन तथा थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, नेशनल साइबर पोर्टल और समन्वय पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की जांच के दौरान संबंधित बैंक से रिकॉर्ड प्राप्त किया गया। जांच में बंटी के बैंक खाते से देश के विभिन्न राज्यों की 10 साइबर ठगी शिकायतों का संबंध सामने आया।
बैंक खाता किराये पर देने का आरोप
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी बंटी ने अपना बैंक खाता सुनील को किराये पर देने की बात स्वीकार की। जांच में आरोप है कि इस खाते का उपयोग विभिन्न राज्यों के शिकायतकर्ताओं से कथित रूप से ठगी कर प्राप्त रकम को ट्रांसफर करने के लिए किया गया।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत बैंक खाते का दुरुपयोग कर लाखों रुपये की साइबर ठगी में कथित भूमिका निभाई।
दो आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
पुलिस ने मामले में बंटी (27), निवासी खुडाना और सुनील (31), निवासी घुमनसर खुर्द को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।






