बगड़, ज्योति माहेश्वरी फाउंडेशन द्वारा संचालित शिवओंकार माहेश्वरी तकनीकी संस्थान (एसएमटीआई), बगड़ में शुक्रवार को सेना भर्ती सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में आर्मी भर्ती कार्यालय, झुंझुनूं के भर्ती अधिकारी सूबेदार मेजर बलजिंदर सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को भारतीय सेना में भर्ती की प्रक्रिया, पात्रता और अग्निवीर योजना की विस्तृत जानकारी देकर युवाओं को सेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।

संस्थान के अधीक्षक नरेश कुमार सैनी ने बताया कि सेमिनार में विद्यार्थियों को शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, लंबाई, शारीरिक मापदंड और चयन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

आईटीआई विद्यार्थियों को मिलेगा मेरिट में विशेष लाभ

सूबेदार मेजर बलजिंदर सिंह ने बताया कि अग्निवीर योजना के तहत सेवा अवधि चार वर्ष की होती है। इसमें एक वर्षीय आईटीआई पाठ्यक्रम उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को 30 प्रतिशत तथा दो वर्षीय आईटीआई पाठ्यक्रम उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को 50 प्रतिशत तक मेरिट लाभ प्रदान किया जाता है।

उन्होंने बताया कि सेवा अवधि पूरी होने के बाद अग्निवीरों को अर्धसैनिक बलों, विशेष पुलिस बल, राज्य पुलिस तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न नौकरियों में प्राथमिकता मिलने का प्रावधान है।

चार श्रेणियों में होती है अग्निवीर भर्ती

सेमिनार में बताया गया कि अग्निवीर भर्ती मुख्य रूप से जनरल ड्यूटी एवं महिला सेना पुलिस, टेक्निकल, क्लर्क/स्टोर कीपर तथा ट्रेड्समैन श्रेणियों में की जाती है। सभी पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग निर्धारित है।

भर्ती अधिकारी ने बताया कि अधिकांश श्रेणियों के लिए न्यूनतम 170 सेंटीमीटर लंबाई आवश्यक है, जबकि अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर पद के लिए 162 सेंटीमीटर लंबाई का प्रावधान है।

अतिथि का किया सम्मान

कार्यक्रम के अंत में बगड़ आईटीओटी के प्राचार्य कुम्भाराम ने प्रशिक्षणार्थियों द्वारा निर्मित तोप का मॉडल स्मृति चिन्ह के रूप में सूबेदार मेजर बलजिंदर सिंह को भेंट किया। वहीं फार्मेसी प्राचार्य डॉ. विवेक कौशिक, नवीन सैनी और बाबूलाल सैनी ने अतिथियों का दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...