बगड़, कस्बे के विभिन्न वार्डों में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को लेकर नगरपालिका वार्ड नंबर 11 के पार्षद विकास आल्हा के नेतृत्व में जलदाय विभाग के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में अनियमित पेयजल आपूर्ति, पाइपलाइन लीकेज और कई क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंचने की समस्या का उल्लेख किया गया।

इन 10 वार्डों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित

ज्ञापन के अनुसार बगड़ नगरपालिका के वार्ड 1, 2, 4, 10, 11, 12, 14, 16, 18 और 20 में लंबे समय से पेयजल आपूर्ति प्रभावित है।

कई इलाकों में निर्धारित समय पर नियमित पानी नहीं पहुंच रहा है। वहीं अनेक घरों तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंचने के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इन इलाकों में बताई गई पानी की समस्या

ज्ञापन में दिव्या एकेडमी से पीर बाबा शहीद क्षेत्र तक पानी की समस्या का उल्लेख किया गया है। इसमें वार्ड 10, 11, 12 और 16 के क्षेत्र शामिल हैं।

इसके अलावा वार्ड 12 के खटीकों का मोहल्ला, वार्ड 10 का खुड़ाना बाईपास क्षेत्र, ज्योति विद्या पीठ विद्यालय के आगे का क्षेत्र, वार्ड 4 की सामुदायिक कॉलोनी, श्याम सिटी और पटवारी कॉलेज के पीछे पेयजल समस्या की जानकारी दी गई।

वहीं वार्ड 20 में पाइपलाइन लीकेज की समस्या का भी ज्ञापन में उल्लेख किया गया।

मौका निरीक्षण कर स्थायी समाधान की मांग

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि सभी प्रभावित क्षेत्रों का मौका निरीक्षण करवाया जाए।

इसके साथ ही पाइपलाइन और तकनीकी समस्याओं को दूर कर प्रत्येक घर तक नियमित, निर्धारित समय पर और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।

पार्षद बोले- पेयजल हर नागरिक की मूलभूत जरूरत

पार्षद विकास आल्हा ने कहा कि पेयजल प्रत्येक नागरिक की मूलभूत आवश्यकता है। लंबे समय से समस्या बनी रहने के कारण आमजन को परेशानी हो रही है।

उन्होंने जलदाय विभाग से पेयजल समस्या का शीघ्र और स्थायी समाधान करवाने की मांग की।

समाधान नहीं हुआ तो जनआंदोलन की चेतावनी

विकास आल्हा ने कहा कि यदि बगड़ कस्बे में पेयजल समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित नहीं हुई, तो वार्डवासियों एवं आमजन के साथ मिलकर जलदाय विभाग के समक्ष जनआंदोलन और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी संबंधित जलदाय विभाग की होगी।

ये रहे मौजूद

इस दौरान पार्षद विकास आल्हा, पार्षद सुरेश सैनी, पार्षद प्रमोद बुंदेला, पार्षद शंभु कुमावत, पार्षद प्रतिनिधि लाखन सैन, डॉ. जगदीश बरवड़, सेवानिवृत्त डिप्टी निरंजन प्रसाद आल्हा, करण सिंह, श्योपाल निर्मल, जिला सचिव कांग्रेस सुनील बुंदेला, खटीक समाज जिला अध्यक्ष विनोद बुंदेला, राजेंद्र बिजारणियां, चतुरूराम आल्हा, दलीप स्वामी, तपेंद्र आल्हा, नंदलाल सैनी, नरेंद्र, रोबिन, गुलझारी लाल आल्हा, राजेंद्र निर्मल, शीशराम, चंदगीराम, माहीराम, राधेश्याम, धर्मपाल बुंदेला, कालूराम, मनोज बुंदेला, राहुल, पीरामल आल्हा और जोगेंद्र सहित अन्य युवा एवं वार्डवासी मौजूद रहे।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...