बगड़। जरूरतमंद मरीजों को बेहतर नेत्र उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को बगड़ में नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।
ज्योति माहेश्वरी फाउंडेशन एवं लॉयंस क्लब झुंझुनू के संयुक्त तत्वावधान में यह शिविर शिवओंकार माहेश्वरी तकनीकी संस्थान (एसएमटीआई), बगड़ परिसर में हुआ।
शिविर में 211 मरीजों की आंखों की जांच की गई। जांच के बाद 39 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया।
39 मरीजों का जयपुर में होगा नि:शुल्क ऑपरेशन
चयनित मरीजों को आयोजकों की ओर से नि:शुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराकर शंकरा आई हॉस्पिटल, जयपुर ले जाया जाएगा।
अस्पताल में आधुनिक तकनीक से बिना टांके के मोतियाबिंद ऑपरेशन और लेंस प्रत्यारोपण किया जाएगा। मरीजों के अस्पताल में रहने, भोजन और चश्मे की व्यवस्था भी नि:शुल्क रहेगी।
डॉक्टरों की टीम ने की आंखों की जांच
शंकरा आई हॉस्पिटल, जयपुर की डॉ. आशना गुप्ता के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम ने मरीजों की जांच की।
टीम में अशोक, पवन, दीपक, दीपाली और अनुसुइया शामिल रहे। जांच के बाद मरीजों को आवश्यकता के अनुसार नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
शिविर में बगड़ कस्बे के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
स्वास्थ्य सुविधा से वंचित न रहें जरूरतमंद
शिविर संयोजक नवीन कुमार ने बताया कि ज्योति माहेश्वरी फाउंडेशन की ओर से क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार नि:शुल्क नेत्र शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण कोई व्यक्ति बेहतर नेत्र उपचार से वंचित न रहे, यही इन शिविरों का उद्देश्य है। भविष्य में भी जरूरतमंद मरीजों के नि:शुल्क ऑपरेशन और लेंस प्रत्यारोपण की व्यवस्था जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।
फीता काटकर हुआ शिविर का उद्घाटन
शिविर का उद्घाटन महामंडलेश्वर डॉ. अर्जुनदास महाराज, दादूद्वारा बगड़, बलदेव सिंह शेखावत, काली पहाड़ी, लॉयंस क्लब झुंझुनू के पदाधिकारियों और शंकरा आई हॉस्पिटल की डॉ. आशना गुप्ता ने फीता काटकर किया।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में आईटीओटी प्राचार्य कुम्भाराम, एसएमटीआई अधीक्षक नरेश कुमार सैनी, सीताराम केडिया, उमा पुरोहित सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
लॉयंस क्लब झुंझुनू की ओर से एसएन शर्मा, डॉ. बबीता कुमावत, रघुनाथ प्रसाद पोद्दार, भागीरथ प्रसाद जांगिड़, नरेंद्र व्यास, विकास खटोड़, अमरनाथ जांगिड़, मनोज सिंह, कैलाश चंद सिंघल समेत अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।






