बगड़। भोपाल में 14 से 18 अगस्त तक आयोजित CBSE अंडर-19 क्लस्टर वेस्ट जोन हॉकी टूर्नामेंट में ज्योति विद्या पीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बगड़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।
टीम ने प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
लगातार जीत के बाद फाइनल में पहुंची टीम
ज्योति विद्या पीठ की टीम ने लीग मुकाबलों में शानदार खेल दिखाया।
टीम ने आर्मी पब्लिक स्कूल जोधपुर को 2-0, श्री भवानी निकेतन पब्लिक स्कूल जयपुर को 5-2 और डिवाइन चिल्ड्रन एकेडमी गुजरात को 2-1 से हराया।
इसके बाद सेमीफाइनल में ऑल सेंट्स चर्च सीनियर सेकेंडरी स्कूल जयपुर को 2-0 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल में सीकर की प्रिंस एकेडमी से मुकाबला
फाइनल मुकाबले में ज्योति विद्या पीठ का सामना प्रिंस एकेडमी, सीकर से हुआ।
कड़े मुकाबले में बगड़ की टीम को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही टीम प्रतियोगिता की उपविजेता रही।
जय गोविंद का SAI भोपाल के लिए चयन
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले जय गोविंद को अंडर-19 वर्ग के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में चुना गया।
उनके प्रदर्शन के आधार पर स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI), भोपाल के लिए चयन का अवसर मिला। यह उपलब्धि विद्यालय और क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
वहीं जय कुमार और गौरव को बेहतरीन डिफेंस प्रदर्शन के लिए बेस्ट डिफेंडर के रूप में सम्मानित किया गया।
खिलाड़ियों को मिला दिग्गज हॉकी खिलाड़ी का मार्गदर्शन
प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय के खिलाड़ियों को ओलंपिक खिलाड़ी एवं भारतीय हॉकी टीम के दिग्गज डिफेंडर विक्रम कांत के साथ खेलने और उनसे मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला।
टीम के प्रदर्शन से प्रभावित होकर SAI भोपाल के कोच प्रवीण ने विद्यालय के खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
इन खिलाड़ियों ने भी किया शानदार प्रदर्शन
टीम में चंद्रपाल, मनोज, जेस्टी, शिवम शर्मा, यथार्थ, देव, अर्पित, चंदन, यश, प्रशांत और प्रतीक झाझड़िया ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
विद्यालय लौटने पर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत
प्रतियोगिता से लौटने पर विद्यालय में खिलाड़ियों और कोच मनीष धाबाई का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
प्राचार्या किरण देवी ने खिलाड़ियों का माल्यार्पण किया और मिठाई खिलाकर उनकी उपलब्धि की खुशी मनाई।
विद्यालय परिवार ने पूरी टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
नियमित प्रशिक्षण से मिली सफलता
विद्यालय प्रबंधक चिरंजी लाल सैनी ने कहा कि कोच मनीष धाबाई लंबे समय से खिलाड़ियों को नियमित और मेहनतपूर्वक प्रशिक्षण दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की लगन, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम है कि टीम ने CBSE वेस्ट जोन स्तर पर यह शानदार उपलब्धि हासिल की।
उन्होंने कहा कि विद्यालय आगे भी खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।






