बगड़ (झुंझुनू)। ज्योति माहेश्वरी फाउंडेशन द्वारा संचालित कृष्णादेवी माहेश्वरी फार्मेसी कॉलेज में शुक्रवार को विश्व फार्मासिस्ट दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
विशेष कार्यक्रम में फार्मेसी क्षेत्र की समाज और स्वास्थ्य सेवाओं में भूमिका पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीईओ विकास खटोड़ रहे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में आईटीओटी प्राचार्य कुम्भाराम और एसएमटीआई के अधीक्षक नरेश कुमार उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता फार्मेसी प्राचार्य डॉ. विवेक कौशिक ने की।
पोस्टर और रंगोली से दिया स्वास्थ्य जागरूकता संदेश
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न बैनर, पोस्टर और रंगोली के माध्यम से फार्मेसी क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया।
विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2026 की थीम “Empowering Pharmacists for Healthier Futures” यानी “स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना” पर आधारित शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं।
चिकित्सा क्षेत्र के विकास के साथ बढ़ी फार्मासिस्टों की भूमिका
मुख्य अतिथि सीईओ विकास खटोड़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व फार्मासिस्ट दिवस दुनिया भर के फार्मासिस्टों के योगदान को सम्मान देने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्ट की भूमिका महत्वपूर्ण है। चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार हो रहे विकास के साथ फार्मासिस्टों के दायित्व और कार्यक्षेत्र भी लगातार विस्तृत हो रहे हैं।
सही औषधि और मार्गदर्शन में फार्मासिस्टों की भूमिका
फार्मेसी प्राचार्य डॉ. विवेक कौशिक ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनका दायित्व केवल औषधियों के निर्माण और वितरण तक सीमित नहीं है।
उन्होंने कहा कि सही औषधि के उपयोग, स्वास्थ्य संबंधी सटीक जानकारी और उपचार प्रक्रिया में मरीजों को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में भी फार्मासिस्टों की भूमिका है।
डॉ. कौशिक ने विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने और फार्मेसी के क्षेत्र में ज्ञान व कौशल लगातार विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
नुक्कड़ नाटक और भाषण से दिखाई प्रतिभा
विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक, भाषण प्रतियोगिता, पिक्शनरी गेम और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई।
इन प्रस्तुतियों के जरिए आमजन को औषधियों के सही उपयोग, स्वास्थ्य जागरूकता और समाज निर्माण में फार्मासिस्ट की भूमिका का संदेश दिया गया।
स्वस्थ भविष्य के निर्माण की ली शपथ
कार्यक्रम के समापन पर फार्मेसी के विद्यार्थियों और उपस्थित फार्मासिस्टों ने अपने पेशेवर दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का सामूहिक संकल्प लिया।
सभी ने समाज के स्वस्थ और जागरूक भविष्य के निर्माण में अपना योगदान देने की शपथ ली।






